झारखंड के बोकारो में बड़े पैमाने पर होता तरल ऑक्सीजन का उत्पादन
देश में हाहाकार के बीच बोकारो पर सबकी नजर
दिल्ली:-दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि अस्पतालों में आक्सीजन की आपूर्ति पूरी करने के लिए जरूरत हो तो उद्योगों में ऑक्सीजन की सप्लाई रोक दी जाय। ऐसे में देश भर की निगाहें झारखंड के बोकारो पर आकर टिक गई है। यहां देश के यूपी, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल समेत कई बड़े राज्यों में ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट कर उत्तर प्रदेश के लखनऊ से बोकारो और बोकारो से मध्य प्रदेश के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाने की जानकारी दी है।चार दिनों से बोकारो से आक्सीजन भेजने की बात हो रही है। पर आज बुधवार की शाम तक कोई वैगन नहीं पहुंचा। बुधवार की शाम आइनोक्स एयर प्राइवेट लिमिटेड के टैंकर को बैगन में लोड करने की प्रैक्टिस की गई। संभावना है जैसा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया है कल शाम तक टैंकर लेकर बैगन बोकारो पहुंचेगा। यहां से रिफिल होने के बाद शुक्रवार को टैंकर लखनऊ के लिए रवाना होगा। चूंकि बोकारो में आक्सीजन की कोई कमी नहीं है । बीते तीन दिनों में जिन-जिन राज्यों ने मांगा उन्हें आक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। अकेले बोकारो स्टील प्लांट प्रत्येक दिन रोज 90 टन तरल मेडिकल ऑक्सीजन देने को तैयार है। बोकारो से आक्सीजन बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र को भी भेजी जा रही है। यह आपूर्ति सेल की पार्टनर कंपनी आइनोक्स एयर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है।

