ईडी की टीम साइबर अपराधी प्रदीप मंडल की 66 लाख रूपये की संपत्ति को किया जप्त
नारायणपुर/जामताड़ा: प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने साइबर अपराधी प्रदीप मंडल के द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है| बुधवार को ईडी की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिरगा गांव में कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधी प्रदीप मंडल की 66 लाख रुपया की संपत्ति को जब्त किया है|जब्त की गई संपत्ति में तीन अचल आवासीय संपत्तियां, चार वाहन और साथ ही आरोपी व्यक्तियों के बैंक खाते में शेष राशि शामिल है|
प्रवर्तन निदेशालय ने पहली बार साइबर अपराधियों पर दर्ज किया था मनी लांड्रिंग केस : देश में पहली बार ईडी ने साइबर अपराध मामले में बीते 6 अगस्त 2018 को मनी लांड्रिंग की शिकायत दर्ज की थी|झारखंड के जामताड़ा जिले में कुल 2.49 करोड़ रुपये के मनी लांड्रिंग मामले में जामताड़ा जिले के प्रदीप मंडल, युगल मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया गया था| प्राथमिकी में प्रदीप मंडल पर साइबर अपराध के जरिये एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है|जबकि युगल मंडल और अन्य पर साइबर अपराध के जरिए 99 लाख रुपये की ठगी का आरोप है| अधिकतर मामले साइबर ठगी से संबंधित हैं, जिसमें साइबर अपराधी बैंक अधिकारी बनकर अलग-अलग सिमकार्ड से लोगों को फोन कर उनका पिन व अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खाते से रुपये उड़ा लेते हैं| ये साइबर अपराधी जामताड़ा के अलावा पड़ोसी जिले गिरिडीह, दुमका, देवघर में भी अपनी पकड़ बनाए हुए हैं|
साइबर अपराधी का बैंक खाता जब्त कर चुकी है ईडी:कुछेक माह पूर्व ईडी की टीम ने एसबीआई की मुरलीपहाड़ी शाखा पहुंचकर साइबर अपराधी प्रदीप मंडल से जुड़े खाते से एक लाख रुपये जब्त किया था|

