नई दिल्ली. अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस एक बार फिर से दुनिया सबसे अमीर शख्स बन गये हैं. बेजोस ने टेस्ला के सीईओ इलॉन मस्क को पीछे छोड़ यह स्थान प्राप्त किया है. दरअसल मंगलवार को टेस्ला इंस के शेयर्स में गिरावट दर्ज की गई, जिसकी वजह से मस्क पहले पायदान से खिसककर दूसरे पायदान पर आ पहुंचे. ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के अनुसार जेफ बेजोस की कुल संपत्ति करीब 14.10 लाख करोड़ रुपये है.
रिपोर्ट के मुताबिक, जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 19100 करोड़ डॉलर यानी करीब 14.10 लाख करोड़ रुपये है. बेजोस पिछले तीन से ज्यादा सालों से लगातार दुनिया के सबसे रईस शख्स बने हुए थे लेकिन जनवरी 2021 में मस्क उन्हें पीछे छोड़कर सबसे अमीर व्यक्ति बन गए. बेजोस की सम्पत्ति मस्क से 95.5 करोड़ डॉलर ज्यादा है.
मंगलवार को टेस्ला का शेयर 2.4 फीसदी टूटकर 796.22 डॉलर पर बंद हुआ. इससे एलन मस्क की संपत्ति में 4.58 अरब डॉलर की कमी आई. अब मस्क की कुल दौलत 19000 करोड़ डॉलर है. बता दें, पिछले महीने ही एलन मस्क, जेफ बेजोस को पीछे छोड़ दुनिया के सबसे रईश शख्स बने थे.

