नई दिल्ली. देश में एक्टिव केसों में एक महीने से लगातार गिरावट आ रही है. इस मामले में भारत अब दूसरे से तीसरे नंबर पर आ गया है. यहां सिर्फ 4.34 फीसदी मरीजों का इलाज चल रहा है. 26 प्रतिशत के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 11 प्रतिशत के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है. इटली और बेल्जियम भी टॉप-5 देशों में शामिल हो गए हैं.
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 83 लाख के पार हो गया है. अब तक 83 लाख 12 हजार 947 लोग संक्रमित हो चुके हैं. राहत की बात है कि इनमें 76 लाख 54 हजार 757 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 23 हजार 650 संक्रमितों की मौत हो चुकी है. 5 लाख 33 हजार 27 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है.
इन 4 राज्यों में केस फिर से बढऩे लगे
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में मणिपुर, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में एक्टिव केस की संख्या तेजी से बढ़ी है. मणिपुर में अक्टूबर की शुरुआत में 2000 एक्टिव केस थे जो अब 3500 हो गए हैं. दिल्ली में 26 हजार से बढ़कर 33 हजार, केरल में 77 हजार से 86 हजार और पश्चिम बंगाल में 26 हजार से बढ़कर 36 हजार एक्टिव केस हो गए हैं. इसे रोकने के लिए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट पर फोकस करना होगा. भूषण ने बताया कि संक्रमण का ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 8 फीसदी से घटकर 7.4 फीसदी हो गया है. वीकली पॉजिटिविटी रेट भी 5.2 फीसदी से कम होकर 4.4त्न फीसदी और डेली पॉजिटिविटी रेट 3.7 फीसदी हो गया है.

