केबल कंपनी की सुरक्षा और चोरी रोकने को भाजपाईयों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
केबल कंपनी में दिनों दिन चोरी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोत्तरी से चिंतित भाजपाईयों ने जिला उपायुक्त रविशंकर शुक्ला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार की अगुआई में बुधवार को जिला पदाधिकारियों ने केबल कंपनी में चोरी की घटनाओं पर चिंता ज़ाहिर करते हुए अविलंब पुलिस चौकसी बढ़ाने की माँग की है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन घटनाओं के पीछे केबल कंपनी प्रबंधन और प्रशासनिक निष्क्रियता का प्रतिफ़ल करार दिया। कहा कि उक्त कंपनी लगभग दो दशकों से अधिक समय से बंद बड़ी है और संबंधित वाद न्यायालय और औद्योगिक ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है। वर्ष 2019 तक जहाँ कंपनी में चोरी की घटनाओं पर स्थानीय थाना सक्रियता से कार्रवाई करती थी, वहीं विगत 6 महीनों से चोरों के मनोबल में अत्यधिक वृद्धि होना जाँच का विषय है। भाजपा ने कंपनी के बेशकीमती उपकरणों और मशीनों की सुरक्षा के निमित्त और निरंकुश चोरी के वारदातों पर विराम लगाने के लिए उपायुक्त से उचित कार्रवाई का अनुरोध किया। मौके पर विशेष रूप से दिनेश कुमार, रमेश हांसदा, खेमलाल चौधरी, चितरंजन वर्मा, हलधर नारायण साह, अनिल मोदी, चंद्रशेखर गुप्ता, राकेश सिंह, पुष्पा तिर्की, विमल जालान, अंकित आनंद, दीपक पारिख, अमरजीत सिंह राजा, प्रेम झा, प्रोबिर चटर्जी राणा, अशोक सामंता, अनूप वर्मा, समरेश कुमार, नरेंद्र सिंह, विनोद गुप्ता समेत अन्य भाजपाई मौजूद थे।

