कपाली में दिनदहाड़े तीन राउंड फायरिंग, युवक घायल; एक आरोपी हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
कपाली ओपी क्षेत्र के डंगरडीह में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (35) गोली लगने से घायल हो गए। कपाली पुलिस ने उन्हें पीसीआर वैन से तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली उनकी कमर को छूते हुए निकल गई।
घटना की सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक युवक को खदेड़कर पकड़ा। उसकी पहचान मोहम्मद शोएब (20) के रूप में हुई है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग होने की सूचना है।
*ब्राउन शुगर बिक्री के विरोध पर विवाद*
घायल के दोस्त मोहम्मद साजिद ने आरोप लगाया कि इलाके में कुछ युवक कथित रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री करते हैं, जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। इसी विवाद में आरोपियों ने पहले उस पर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद फैयाज आलम को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, घटना में चार-पांच युवक शामिल थे। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है।
*आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी*
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से डंगरडीह और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

