क्षेत्र में अमन-चैन की कामना को लेकर थाना परिसर मंदिर में रुद्राभिषेक व हवन-यज्ञ
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक सह हवन-यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। थाना प्रभारी राजेश टुडू एवं समाजसेवी कन्हैया सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर आयोजक कन्हैया सिंह एवं ऋषि मिश्रा ने बताया कि विगत दिनों गम्हरिया थाना क्षेत्र में हुई अप्रिय घटना के बाद इलाके में अशांति का माहौल बना हुआ था। क्षेत्र में पुनः शांति, सद्भाव और अमन-चैन कायम करने की कामना से इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
अनुष्ठान के दौरान कई प्रसिद्ध पंडितों ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। इसके बाद हवन-यज्ञ कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की गई। पूजा-अर्चना की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

