गोइलकेरा में बिना नंबर प्लेट के बालू ढो रहे तीन ट्रैक्टर जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बेड़ाहुंडा गांव के पास बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है। खास बात यह है कि तीनों ट्रैक्टरों पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। चालक बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान और अन्य जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिला खनन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को गोइलकेरा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बेड़ाहुंडा गांव के पास तीन ट्रैक्टरों को बालू का परिवहन करते पकड़ा गया। पुलिस द्वारा चालकों से वैध कागजात मांगे जाने पर वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए।
इसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर गोइलकेरा थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। जब्त वाहनों में स्वराज कंपनी का एक 742XLN मॉडल और दो 742 मॉडल के ट्रैक्टर शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से अवैध खनन, खनिजों के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। खनन विभाग और पुलिस के समन्वय से विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

