नआईटी जमशेदपुर के 1,224 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, अच्युत सामंत को मानद डी.लिट.
*नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास ने कहा- 2047 तक दुनिया का नेतृत्व करेगा भारत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर का 16वां दीक्षांत समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 1,224 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 736 बीटेक, 184 एमटेक, 112 एमसीए, 100 एमएससी, 90 पीएचडी और दो एमडिजाइन के विद्यार्थी शामिल हैं। इस अवसर पर समाजसेवी अशोक भगत तथा केआईआईटी और केआईआईएस के संस्थापक एवं पूर्व सांसद प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट.) की उपाधि से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास ने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब साढ़े छह लाख विदेशी नागरिक इलाज कराने भारत आए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को लगभग 14 बिलियन डॉलर का योगदान मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में होगा। विद्यार्थियों से उन्होंने वैज्ञानिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मानद डी.लिट. से सम्मानित प्रो. डॉ. अच्युत सामंत ने एनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष सुनील अलघ, निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार और रजिस्ट्रार के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि यह उनकी 79वीं मानद डॉक्टरेट उपाधि है। पिछले 35 वर्षों से शिक्षा, जनजातीय सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को उन्होंने इस सम्मान का आधार बताया। उन्होंने कहा कि KISS के माध्यम से करीब 80 हजार गरीब आदिवासी बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जमशेदपुर में जन्म लेने के कारण यहां के संस्थान से मिला सम्मान उनके लिए विशेष भावनात्मक महत्व रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि तमाम उपलब्धियों से बढ़कर जीवन में ईमानदार और अच्छा इंसान बनना है।
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 23 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए। रितिशा रंजन और अमिय रंजन कबी को स्वर्ण पदक मिला। वहीं संस्थान के प्लेसमेंट सत्र में स्नातक स्तर पर 95.11 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई। कुल 661 विद्यार्थियों का चयन हुआ और सर्वोच्च पैकेज 94.25 लाख रुपये रहा।

