राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर क्षेत्र में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को भाजपा बिरसानगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घंटों घेराव किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
घेराव कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बापोन बनर्जी, भाजपा नेता रवि सिंह चंदेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बिरसानगर में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। 24 घंटे के भीतर कई बार बिजली कटौती होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता रवि सिंह चंदेल ने कहा कि बिरसानगर के कई इलाकों में बिजली के तार बांस के खंभों के सहारे ले जाए गए हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने बिजली विभाग से जर्जर व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा असुरक्षित तरीके से लगाए गए बिजली के तारों और खंभों को ठीक करने की मांग की।
घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी आगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
Breaking News Headlines खबरें राज्य से चाईबासा जमशेदपुर जामताड़ा झारखंड दुमका धनबाद रांची संथाल परगना सरायकेला-खरसावां हजारीबाग

