मुंबई में जनजातीय रसोइयों ने पेश किए पारंपरिक खानपान के स्वाद
‘द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल’ में असम, आंध्र प्रदेश और झारखंड की 10 जनजातीय घरेलू रसोइयों की भागीदारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 27 नवंबर। मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय ‘द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल’ में असम, आंध्र प्रदेश और झारखंड की 10 जनजातीय घरेलू रसोइयां पारंपरिक व्यंजनों के जरिए अपनी सांस्कृतिक विरासत और खानपान की विविधता प्रस्तुत कर रही हैं। यह भागीदारी टाटा स्टील फाउंडेशन की ‘संवाद ट्राइबल क्विज़िन’ पहल के तहत हो रही है।
इसमें असम के कार्बी समुदाय की तीन, आंध्र प्रदेश के कोया समुदाय की तीन और झारखंड के संथाल, असुर तथा उरांव समुदायों की चार घरेलू रसोइयां शामिल हैं। झारखंड की पुष्पा रानी तिर्की ने कहा कि इस मंच के माध्यम से जनजातीय अंचलों के पारंपरिक स्वाद मुंबई तक पहुंच रहे हैं।
फेस्टिवल घरेलू रसोइयों को अपने पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय सामग्रियों और खाना पकाने के तरीकों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ उपभोक्ताओं, शेफ और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के पेशेवरों से जुड़ने का अवसर दे रहा है।
टाटा स्टील फाउंडेशन के जिरेन टोपनो ने कहा कि जनजातीय खानपान समुदायों की पहचान, संस्कृति और पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक ज्ञान का हिस्सा है। ऐसे आयोजन पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ जनजातीय समुदायों के लिए आजीविका के स्थायी अवसर विकसित करने में मददगार हैं।

