बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में सामुदायिक सेवा के 100 वर्षों के सफर पर हुई परिचर्चा
बॉक्स
* टाटा स्टील के वीपी डीबी सुंदर रामम और आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहेरा ने रखे विचार
* वक्ताओं ने कहा- सामुदायिक सेवा का उद्देश्य दूसरों के जीवन को बेहतर बनाना, अगली पीढ़ी को संभालनी होगी जिम्मेदारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह के तहत शनिवार को बिहार एसोसिएशन ऑडिटोरियम में सामुदायिक सेवा के 100 वर्षों की यात्रा और भविष्य की प्रतिबद्धता पर परिचर्चा आयोजित की गयी। ‘ए सेंचुरी ऑफ कम्युनिटी सर्विस, कंटीन्यूइंग द कमिटमेंट’ विषय पर आयोजित पैनल डिस्कशन में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम और आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहेरा ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल सचिव आरवी एवं बिहार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमरेश सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में बिहार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ एसके सिंह ने पैनलिस्टों और अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मॉडरेटर अमरेश सिन्हा ने दोनों वक्ताओं को अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया। डीबी सुंदर रामम ने टाटा स्टील की ओर से देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) से जुड़ी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और जमशेदपुर में नागरिक सुविधाओं के संचालन पर होने वाले खर्च के अतिरिक्त अलग से सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से भी समाज के लिए काम करती है।
वहीं, एसके बेहेरा ने कहा कि सामुदायिक सेवा की शुरुआत दूसरों का जीवन बेहतर बनाने की इच्छा से होती है। माता-पिता का सम्मान करना और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता व दयालुता रखना भी सामुदायिक सेवा का ही हिस्सा है।
परिचर्चा के बाद श्रोताओं के साथ सवाल-जवाब का सत्र आयोजित हुआ। इसमें दर्शकों ने पैनलिस्टों से विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे। इसके बाद रैपिड फायर राउंड में भी वक्ताओं से सवाल किए गए। अंत में अमरेश सिन्हा ने पूरी चर्चा का सार प्रस्तुत करते हुए पैनलिस्टों और श्रोताओं की ओर से रखे गये विचारों को संक्षेप में सामने रखा।
परिचर्चा में यह बात उभरकर सामने आयी कि बिहार एसोसिएशन ने पिछले 100 वर्षों में साक्षरता और सामुदायिक देखभाल के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया है। हालांकि, अब आने वाली एक सदी के लिए इस विरासत और सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय है।

