विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण की खबर प्रसारित करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर से गिरफ्तार
जमशेदपुर। सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों से संबंधित खबर सबसे पहले प्रसारित करने वाले रांची के पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने आदित्यपुर से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक भारती आदित्यपुर स्थित अपने फ्लैट में पत्नी के साथ रह रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया। सरायकेला के एसडीपीओ ने उनकी गिरफ्तारी की सूचना पिता संपूर्णानंद भारती को दी, जो दैनिक समाचार पत्र ‘राष्ट्रीय सागर’ के संपादक हैं।

दरअसल, पत्रकार अभिषेक भारती ने अपने न्यूज पोर्टल ‘द भारत मित्र’ के माध्यम से सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे यौन शोषण के आरोपों और नाबालिग पीड़िता के बयान को प्रमुखता से प्रसारित किया था। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर धुर्वा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
वहीं, 13 नवंबर 2026 को पीड़िता के दादा की शिकायत पर पाकरटांड़ थाना में अभिषेक भारती और पूर्व कांग्रेसी नेता दिलीप तिर्की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों ने नाबालिग को अगवा कर डराया-धमकाया और दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ बयान दिलवाया तथा वीडियो तैयार किया। इस मामले में पुलिस दिलीप तिर्की को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दूसरी ओर, विधायक भूषण बाड़ा ने पत्रकार की रिपोर्टिंग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि बिना उनका पक्ष जाने खबर प्रसारित की गई। अभिषेक भारती के पिता ने 25 नवंबर को उनकी जान को खतरा बताते हुए रांची प्रेस क्लब से हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके बाद प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच और पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।
मामले में पत्रकार की गिरफ्तारी के बाद पत्रकारिता जगत में चर्चा तेज हो गई है। अब इस पूरे प्रकरण में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

