डीएम ने स्कूल से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्र और जनवितरण प्रणाली की व्यवस्था का लिया जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता/खोदावंदपुर (बेगूसराय)। जिलाधिकारी त्रिची पाण्डेय ने बुधवार को खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय सागी उर्दू, आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 07, उप स्वास्थ्य केंद्र तथा नारायणपुर गांव स्थित जनवितरण प्रणाली विक्रेता सुरेश यादव की दुकान का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से संस्थानों के संचालन एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली. निरीक्षण के बाद सागी पंचायत भवन परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने बिजली, स्वास्थ्य, नल-जल योजना, राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को डीएम के समक्ष रखा. वहीं बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने दौलतपुर एवं सागी में जलजमाव की समस्या उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग रखीं. उन्होंने मुख्यालय पोखर को छठ घाट के रूप में विकसित कराने का आग्रह भी किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना के पंप संचालकों को मानदेय नहीं मिलने के कारण कई बार जलापूर्ति बाधित हो जाती है. स्वास्थ्य व्यवस्था की चर्चा के दौरान सीएचसी में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठा. बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक एमबीबीएस चिकित्सक एवं तीन आयुष चिकित्सक कार्यरत हैं. प्रखंड में कुल 17 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं, जिनमें से मात्र पांच सरकारी भवनों में संचालित हो रहे हैं. डीएम ने सीएचसी प्रभारी डॉ अनिल प्रसाद से चिकित्सकों, दवाओं एवं एंबुलेंस की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की. डीएम ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रामायतन कुमार से धान अधिप्राप्ति की तैयारी की जानकारी ली. इस दौरान बीसीओ द्वारा बताया गया कि बरियारपुर पश्चिमी एवं खोदावंदपुर पैक्स धान अधिप्राप्ति में अपेक्षित रुचि नहीं ले रहे हैं.
डीएम ने प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी भवन सभागार में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. इसमें विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास कार्यों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। पूर्व मुखिया राम पदारथ महतो ने प्रखंड मुख्यालय मैदान में मिट्टीकरण कराने की मांग की. बैठक में तारा चौक से फफौत पुल तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की मांग भी उठाई गयी. वहीं बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में पर्याप्त जमीन उपलब्ध रहने के बावजूद पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई.
मौके पर एसडीएम अमित कुमार सिंह, बीपीआरओ संदीप कुमार, सीडीपीओ जयमाला कुमारी, बीएओ रश्मि कुमारी, प्रभारी बीईओ पंकज कुमार, विद्युत जेई पवन कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी राशिद अशरफ, पीएचईडी जेई वैद व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.

