महिला हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ इंटक का 16 दिवसीय अभियान शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव के खिलाफ 16 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू किया।
इंटक के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना श्रमिक अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने घरेलू कामगारों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, निर्माण श्रमिकों सहित असंगठित क्षेत्र की महिला मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया।
इंटक ने आईएलओ कन्वेंशन-190 लागू करने, POSH अधिनियम-2013 को प्रभावी बनाने, असंगठित क्षेत्र की महिला श्रमिकों के लिए जिला स्तर पर स्थानीय समितियां गठित करने तथा कार्यस्थलों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने की मांग की।
इस अभियान में महिला अध्यक्ष देविका सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं जेंडर कोऑर्डिनेटर शाहनाज रफीक, शिखा चौधरी और मीरा तिवारी ने भी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। शिखा चौधरी ने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल महिलाओं का अधिकार है, कोई एहसान नहीं।

