झारखंड में अफीम की अवैध खेती और कारोबार के आरोप में एसपीओ समेत दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अफीम की अवैध खेती और कारोबार के आरोप में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से एक किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सैयद मुस्तफा हाशमी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को सोमवार को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ लेकर सोनुआ बाजार की ओर जा रहे हैं।
इस सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने बन्नीकुसुम में वाहन जांच अभियान चलाया और एक मोटरसाइकिल को रोका।
हाशमी ने बताया कि तलाशी के दौरान एक बैग में अवैध रूप से ले जाई जा रही 1.04 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में सोनुआ थाने में तैनात विशेष पुलिस अधिकारी कुंवर सिंह गगराई (38) और उसका सहयोगी रेला होरो उर्फ रेला कश्यप (20) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिछले तीन से चार वर्षों से अफीम की अवैध खेती और कारोबार में शामिल थे और यही उनकी आजीविका का साधन था।
हाशमी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों, अफीम के स्रोत और उन स्थानों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है, जहां इसकी आपूर्ति की जाती थी।
एसडीपीओ ने कहा कि गगराई इन अवैध गतिविधियों में प्रमुख भूमिका निभाता था। पुलिस पिछले कई महीनों से उस पर नजर रख रही थी, ताकि उसे पुख्ता सबूतों के साथ पकड़ा जा सके। उसे अफीम की अवैध खेती और इसकी आपूर्ति के ठिकानों की जानकारी थी।
अधिकारी ने बताया कि गगराई को सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

