मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 3 दिसंबर को बखरी में जेल भरो अभियान
राष्ट्र संवादबखरी (बेगूसराय)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भाकपा 3 दिसंबर को बखरी में जेल भरो अभियान चलाएगी। जिले में यह अभियान 1, 2 और 3 दिसंबर को चलेगा। बखरी और बछवारा विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम 3 दिसंबर को होगा।
यह जानकारी भाकपा जिला मंत्री अवधेश कुमार राय ने बखरी स्थित सूर्यनारायण सिंह स्मारक भवन में आयोजित सीपीआई अंचल कमिटी की बैठक को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि देश में एसआईआर के बहाने करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। इस बात को अब आम जनता भी समझ रही है। इसी को लेकर सभी विपक्षी पार्टियों के साथ भाकपा भी मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला मंत्री ने कहा कि किसानों ने 11 महीने तक आंदोलन करके तीन काले कृषि कानून वापस कराए थे। आज किसानों को 1100 रुपये का डीएपी खाद 1800 रुपये में मिल रहा है। खाद, बीज, दवा, राशन समेत जीवन उपयोगी सभी सामानों की कीमत आसमान छू रही है।
बैठक में बखरी सीपीआई प्रभारी राजेंद्र सहनी ने कहा कि जेल भरो अभियान को सफल बनाने के लिए एक सप्ताह के अंदर सभी शाखाओं की बैठक कर ली जाएगी। अभियान को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
नंदलाल तांती की अध्यक्षता में हुई बैठक में अंचल मंत्री शिव सहनी, सुरेश सहनी, युवा नेता मो. सबाब, जितेंद्र जीतू, अशोक केशरी, मो. आजाद, पवन मालाकार,सावित्री देवी, रामजी महतो, सूरज पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

