अभय झा की पहल पर टीएमएच में 1.18 लाख का चिकित्सा बिल माफ
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
सातवाहिनी निवासी राजू सिंह के परिवार को झामुमो युवा नेता अभय झा के प्रयास से बड़ी राहत मिली है। टीएमएच में इलाजरत राजू सिंह के भाई का 1.18 लाख रुपये का बकाया चिकित्सा बिल अस्पताल प्रबंधन ने माफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इलाज के दौरान अस्पताल का कुल बिल 1.68 लाख रुपये हुआ था। परिवार ने किसी तरह 50 हजार रुपये जमा किए, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण शेष राशि चुकाने में असमर्थ था। इसकी जानकारी अमित सिन्हा ने अभय झा को दी। इसके बाद अभय झा ने अस्पताल पहुंचकर मरीज और परिजनों से मुलाकात की तथा सांसद जोबा माझी और वरिष्ठ नेता कृष्णा बास्के से फोन पर बात कर बिल माफी का आग्रह किया।
सांसद जोबा माझी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए टीएमएच के कॉरपोरेट अधिकारियों को पत्र लिखा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने बकाया 1.18 लाख रुपये माफ कर दिया। राहत मिलने पर परिजनों ने सांसद जोबा माझी, कृष्णा बास्के, अभय झा, अमित सिन्हा, विष्णु बाउरी एवं चंद्रशेखर गुप्ता के प्रति आभार जताया।

