दो दिन के अभियान में 182 नए मतदाता बनाने के लिए आए आवेदन।23 के नाम हटाने की तैयारी।
राष्ट्र संवाद/छौड़ाही
मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और पुरानी त्रुटियों को दूर करने के लिए छौड़ाही प्रखंड में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए हैं।21 और 22 नवंबर को प्रखंड के सभी 106 मतदान केंद्रों पर आयोजित अभियान में सबसे अधिक 182 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन दिया।वहीं 23 मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं।प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों में 102 पुरुष और 80 महिलाएं हैं।इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 74 युवा शामिल हैं,जबकि 19 वर्ष से अधिक आयु के 108 लोगों ने भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की पहल की है।अभियान में नाम हटाने के लिए 23,नाम और पता में सुधार के लिए दो तथा प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 25 आवेदन मिले हैं। इसके अलावा एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने से संबंधित 11 आवेदन प्राप्त हुए हैं।प्रखंड की सभी दस पंचायतों में मतदान केंद्र संख्या 83 से 188 तक के सभी बूथों पर आवेदन प्राप्त किए गए।बीडीओ कार्यालय ने इसकी रिपोर्ट निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ मंझौल को भेज दी है।बीडीओ प्रिया कुमारी ने बताया कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।पांच और छह दिसंबर को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।पुनरीक्षण की प्रक्रिया 11 दिसंबर तक चलेगी।दावे और आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक होगा।चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

