किसानों-मजदूरों की समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करेगी भाकपा, 3 दिसंबर को जेल भरो अभियान को सफल बनाने का किया आह्वान।
राष्ट्रसंवाद/रोसड़ा (समस्तीपुर)
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की शाखा चकथात पूर्वी की बैठक रविवार को गोविंदपुर चौक स्थित साहू परिसर में पूर्व मुखिया रामप्रकाश महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
शाखा सचिव अविनाश कुमार पिंटू ने पिछली बैठक से लेकर अब तक का सांगठनिक एवं कार्य प्रतिवेदन उपस्थित साथियों के समक्ष प्रस्तुत किया। भाकपा जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि वर्तमान डबल इंजन सरकार में किसान, मजदूर, छात्र और नौजवान लगातार आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, वहीं किसान और मजदूर अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को समझने, उन्हें संगठित करने और उनके समाधान के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
पूर्व मुखिया राम प्रकाश महतो एवं सीपीआई नेता राकेश सिंह उर्फ़ बच्चा बाबू ने कहा कि रबी फसलों की बुआई शुरू हो चुकी है, उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को सरकारी निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की गारंटी सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में दिवंगत साथी अशोक कुमार महतो उर्फ मंगलेश महतो एवं अकलू सहनी सहित अन्य दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक को शाहिद अंसारी, धर्मेंद्र कुमार महतो, नीतीश कुमार, छात्र नेता कुमार गौरव,सरवन कुमार समेत अन्य ने भी संबोधित किया।
बैठक में घनश्याम राउत, सुशील कुमार, पृथ्वीराज पासवान, रामबाबू शर्मा, निषार अहमद, कमल पासवान, राम उदगार महतो, रामबाबू राउत, बदलू राम, रामबदन ठाकुर सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

