सुबोध पात्रो की मौत पर टाटा मोटर्स गेट पर हंगामा, स्थायी नौकरी की मांग
77 लाख रुपये के भुगतान की चर्चा के बीच परिजनों ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, यूनियन ने कहा- नियमानुसार मिलेंगे सभी लाभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कार्यरत 59 वर्षीय कर्मचारी सुबोध पात्रो की इलाज के दौरान मौत के बाद रविवार को परिजनों और समर्थकों ने कंपनी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। आश्रित को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने प्रवेश द्वार जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली।
परिजनों के अनुसार, प्रबंधन की ओर से करीब 77 लाख रुपये के भुगतान की जानकारी दी गई है, लेकिन परिवार की मांग है कि औद्योगिक नियोजन व्यवस्था के तहत एक आश्रित को स्थायी नौकरी भी दी जाए। मजदूर नेता बंटी ने प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांगों के समाधान की बात कही।
वहीं, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने सुबोध पात्रो के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे वर्ष 2017 में गंभीर बीमारी के कारण नियमित कार्य के लिए चिकित्सकीय रूप से अनफिट घोषित किए गए थे। यूनियन के अनुसार, उनके इलाज और परिवार की सहायता के लिए पूर्व में भी सहयोग किया गया था। प्रबंधन ने भी कंपनी की नीतियों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई थी।
यूनियन ने कहा कि वह परिवार के संपर्क में है और कंपनी के नियमों के तहत सभी वैधानिक एवं पात्र लाभ दिलाने का प्रयास कर रही है। साथ ही तथ्यों के आधार पर संवाद बनाए रखने और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की है।

