जमशेदपुर को हार्ट-सेफ सिटी बनाने की पहल, सेक्रेड हार्ट स्कूल में लगा AED
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर को हार्ट-सेफ सिटी बनाने की दिशा में “दिल धड़कने दो” अभियान के तहत सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) स्थापित किया गया। इसका उद्देश्य हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारी को अस्पतालों से आगे स्कूलों और आम समुदाय तक पहुंचाना है।
इस पहल की अगुवाई टाटा मेन हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी एवं कार्डियक कैथ लैब प्रमुख डॉ. मंदार महावीर शाह ने की। AED उपकरण का योगदान स्कूल की पूर्व छात्रा एवं ईस्टर्न ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर दर्शना टांक ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय एसोसिएशन ऑफ सेक्रेड हार्ट एलुमनाई (आशा) की अध्यक्ष खुशबू सिंह ने किया। इसमें जमशेदपुर सेफ-हार्ट फाउंडेशन के उमंग झुनझुनवाला सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। डॉ. जलदीप सिंह ने AED के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जबकि डॉ. सौम्या ने वर्चुअल प्रशिक्षण के जरिए हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों की पहचान और समय पर कार्रवाई की जानकारी दी।
स्कूल की प्राचार्या सिस्टर स्टेफी ए.सी. की मेजबानी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान का लक्ष्य शहर के शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों को हृदय संबंधी आपात स्थितियों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित कर एक सुरक्षित नेटवर्क तैयार करना है।

