निर्भय सिंह की स्मृति में रक्तदान शिविर, 214 यूनिट रक्त संग्रहित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, टाटानगर एवं नवयुग दल (युवा प्रकोष्ठ) की ओर से भालूबासा सामुदायिक विकास केंद्र में स्वर्गीय ठाकुर निर्भय सिंह की स्मृति में 65वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 214 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ठाकुर निर्भय सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू तथा स्वर्गीय निर्भय सिंह के जुड़वा भाई एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह अपने परिवार के साथ शामिल हुए। सभी ने दिवंगत निर्भय सिंह को श्रद्धांजलि दी।
शिविर का उद्घाटन करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि रक्तदान महादान है। दुनिया में हर चीज का विकल्प मौजूद है, लेकिन इंसान के खून का कोई विकल्प नहीं है। रक्त किसी फैक्ट्री या प्रयोगशाला में नहीं बनाया जा सकता। एक व्यक्ति का रक्त ही दूसरे व्यक्ति की जान बचा सकता है। रक्त की एक यूनिट दुर्घटना में घायल व्यक्ति, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज या प्रसूता महिला को नया जीवन दे सकती है।
इस अवसर पर ठाकुर प्यार सिंह धुरंधर सिंह क्लब के सदस्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि निर्भय सिंह हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। काशीडीह दुर्गा पूजा और रामनवमी के आयोजन में वे प्रशासन के सहयोग से भव्य कार्यक्रम कराते थे। उन्होंने कहा कि निर्भय सिंह गायत्री परिवार से भी जुड़े थे और हमेशा उसकी मदद के लिए तत्पर रहते थे।
गौरतलब है कि 50 वर्षीय ठाकुर निर्भय सिंह का पिछले दिनों हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया था।

