डॉ. ऋचा अंगिक एओएमएसआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में निर्वाचित, तीसरे सर्वाधिक वोट मिले
18 उम्मीदवारों में तीसरे स्थान पर रहीं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 10 सीटों के लिए हुआ चुनाव
जमशेदपुर : झारखंड और बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वरिष्ठ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. ऋचा अंगिक एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुई हैं. उनका कार्यकाल 2026-27 के लिए होगा. राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 10 सीटों के लिए चुनाव मैदान में उतरे 18 उम्मीदवारों में डॉ. ऋचा अंगिक ने तीसरे सर्वाधिक मत प्राप्त किए. चुनाव परिणाम 21 नवंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एओएमएसआई के 50वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान हुए मतदान के बाद घोषित किए गए. उनकी जीत से संगठन की राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में बिहार और झारखंड का प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है. डॉ. ऋचा अंगिक ने इस राष्ट्रीय सम्मेलन में वक्ता के रूप में भी भाग लिया और डेंटल एवं फेशियल इम्प्लांट्स (दंत एवं चेहरे के प्रत्यारोपण) विषय पर व्याख्यान दिया.
राज्य स्तर से राष्ट्रीय कार्यकारिणी तक का सफर
डॉ. ऋचा अंगिक एओएमएसआई में पिछले कई वर्षों से विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाती रही हैं. वर्तमान में वे वर्ष 2026-27 के लिए एओएमएसआई की बिहार एवं झारखंड राज्य इकाई (बीजेएओएमएसआई) की उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वर्ष 2025-26 में उन्होंने एओएमएसआई मुख्यालय में राज्य प्रतिनिधि और राष्ट्रीय फिटनेस संयोजक की जिम्मेदारी संभाली थी. वर्ष 2024-25 में वे बिहार-झारखंड इकाई की संयुक्त सचिव और 2023-24 में कार्यकारिणी सदस्य रही थीं. उल्लेखनीय है कि 5 और 6 सितंबर 2026 को जमशेदपुर में आयोजित एओएमएसआई की बिहार-झारखंड इकाई के वार्षिक सम्मेलन में भी उन्होंने आयोजन अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी. राज्य स्तर पर लगातार सक्रिय भूमिका निभाने के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उनका निर्वाचन क्षेत्र के चिकित्सकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
चिकित्सा और शैक्षणिक क्षेत्र में लंबा अनुभव
डॉ. ऋचा अंगिक ने दावणगेरे स्थित बापूजी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) और वर्धा स्थित शरद पवार डेंटल कॉलेज से ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) की डिग्री प्राप्त की है. वर्तमान में वे भागलपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग में फैकल्टी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं. इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर में क्लेफ्ट एंड क्रेनियोफेशियल सेंटर की प्रभारी भी हैं. इससे पहले वे जमशेदपुर स्थित अवध डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्रोफेसर के पद पर कार्य कर चुकी हैं.
डॉ. मुकुल पाध्ये अध्यक्ष निर्वाचित, अन्य पदों के परिणाम भी घोषित
एओएमएसआई के राष्ट्रीय चुनाव में डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी, नवी मुंबई के डीन एवं प्रोफेसर डॉ. मुकुल पाध्ये एन को आगामी अध्यक्ष (प्रेसिडेंट इलेक्ट) चुना गया है. वहीं, डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डेंटिस्ट्री के प्रोफेसर डॉ. गोकुल वेंकटेश्वर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं. लखनऊ स्थित सरदार पटेल पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल एंड मेडिकल साइंसेज के प्रोफेसर डॉ. मदन मिश्रा संयुक्त संपादक चुने गए हैं. महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी डॉ. विजयकुमार जे. गिरहे को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स (एएओएमएस) का प्रतिनिधि निर्वाचित किया गया है. इसके अलावा एक वर्षीय कार्यकाल वाले संयुक्त सचिव पदों के लिए भी चुनाव हुए.