दुबई में छिपे प्रिंस खान गैंग पर अंतरराष्ट्रीय शिकंजा, भाई गोपी और साले ऋतिक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। वासेपुर के भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के दुबई से संचालित कथित आपराधिक नेटवर्क पर जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रिंस खान के भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। वहीं, धनबाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है, ताकि भारत में प्रवेश करते ही उन्हें हिरासत में लिया जा सके।
दोनों आरोपी नया बाजार के कारोबारी नन्हें हत्याकांड के बाद प्रिंस खान के साथ धनबाद से फरार होकर दुबई चले गए थे। उन पर विदेश से धमकी देने, कारोबारियों से रंगदारी मांगने और फायरिंग कराने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, गोपी खान के खिलाफ 40 से अधिक और ऋतिक खान के खिलाफ 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, आरोपियों के संपर्कों, गतिविधियों और विदेश में छिपने के ठिकानों की जांच की जा रही है। रेड कॉर्नर नोटिस से अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उनकी तलाश और गिरफ्तारी का रास्ता मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने 14 सितंबर को विदेश भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वह पाकिस्तान जाने की तैयारी में था। अब जांच एजेंसियों का लक्ष्य विदेश से संचालित पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर प्रिंस खान गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई करना है।

