झारखंड की पहचान खनिज नहीं, संस्कृति, जनजातीय अस्मिता और प्रकृति में निहित : राष्ट्रीय संगोष्ठी में मंथन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 21 नवंबर। झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से बहुभाषीय साहित्यिक संस्था ‘सहयोग’ एवं विद्यादीप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सेंटर फॉर एक्सीलेंस, बिष्टुपुर में ‘झारखंड की विरासत : झारखंड की पहचान’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने राज्य की संस्कृति, जनजातीय अस्मिता, लोकपरंपराओं और भाषाओं के संरक्षण पर विचार रखे।
प्रथम सत्र की अध्यक्षता एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने की। जोबा मुर्मू ने संथाल, मुंडा, हो, खड़िया और उरांव समुदायों की सांस्कृतिक विरासत तथा संथाली, मुंडारी, नागपुरी, खोरठा और पंचपरगनिया जैसी भाषाओं के संरक्षण पर बल दिया। शोधार्थियों ने झारखंड के इतिहास, लोकजीवन, पर्व-त्योहार और जनजातीय अस्मिता पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए।
द्वितीय सत्र में जल-जंगल-जमीन, आदिवासी महिलाओं की भूमिका, लोकगीत, लोकनृत्य, डिजिटल माध्यमों से सांस्कृतिक संरक्षण, जीआई टैग और पारंपरिक औषधीय ज्ञान जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सारस्वत अतिथि ताला टुडू ने वैश्वीकरण के दौर में जनजातीय भाषाओं के सामने खड़ी चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाया। सत्र की अध्यक्षता डॉ. रागिनी भूषण ने की।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. अमर सिंह ने कहा कि झारखंड की बहुआयामी विरासत को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में साहित्य और अकादमिक विमर्श की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संदेश रहा कि झारखंड की असली पहचान उसकी जनजातीय संस्कृति, भाषाओं, लोककला, प्रकृति और जीवन मूल्यों में बसती है। इस विरासत का संरक्षण केवल अकादमिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।

