
सतीश कुमार कुशवाहा बने छौड़ाही के नए प्रखंड प्रमुख, छह मतों से दर्ज की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार/मंझौल (बेगूसराय)। मंझौल अनुमंडल सभागार में गुरुवार को आयोजित चुनाव में सतीश कुमार कुशवाहा छौड़ाही प्रखंड के नए प्रखंड प्रमुख निर्वाचित हुएये. उन्होंने अपने
निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार यादव को छह मतों से पराजित कर प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। प्रखंड प्रमुख पद के लिए आयोजित चुनाव में छौड़ाही प्रखंड के सभी 14 पंचायत समिति सदस्यों ने भाग लिया. चुनाव के दौरान प्रमुख पद के लिए दो उम्मीदवारों ने निर्वाची पदाधिकारी सह मंझौल अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सिंह के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया. इनमें पूर्व प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार यादव और पंचायत समिति सदस्य सतीश कुमार कुशवाहा शामिल थे. मतदान के बाद हुई मतगणना में सतीश कुमार कुशवाहा को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि मनोज कुमार यादव को चार मत मिले. इस प्रकार सतीश कुमार कुशवाहा ने छह मतों के अंतर से जीत हासिल की.
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम अमित कुमार सिंह ने सतीश कुमार कुशवाहा को छौड़ाही प्रखंड का नया प्रखंड प्रमुख निर्वाचित घोषित किया तथा उन्हें जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया. उनकी जीत पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की.

