
जिम्मेदार पत्रकारिता न केवल समाज को सही दिशा प्रदान करती है बल्कि प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर संवाद को भी सुदृढ़ करती है : रिची पांडेय
राष्ट्र संवाद /बेगूसराय
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में परिचर्चा कार्यक्रम का जिला सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम रिची पांडेय एसपी मनीष जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी तथा उपस्थित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विषय पर डीएम रिची पांडेय जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी सहित उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने अपने विचार साझा किए तथा वर्तमान समय में पत्रकारिता की भूमिका चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर डीएम पांडेय ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस की महत्ता गरिमा और दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में लोकलुभावन एवं सनसनीखेज खबरों की अपेक्षा तथ्यपरक निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता अधिक है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पूर्व उसके सभी पहलुओं की समुचित जांच करें तथा संबंधित पक्षों का पक्ष भी अवश्य शामिल करें ताकि आम जनता तक सही संतुलित एवं विश्वसनीय जानकारी पहुंच सके। परिचर्चा के दौरान उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए। साथ ही जनहित से जुड़े विषयों को सटीक निष्पक्ष एवं सकारात्मक रूप से सामने लाने तथा प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी ने एसपी एवं उपस्थित सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया。

