

जमशेदपुर, 18 नवंबर। गोपाल मैदान में आयोजित संवाद 2026 के चौथे दिन जनजातीय समुदायों की समृद्ध विरासत, पारंपरिक ज्ञान, खान-पान, कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली। दिनभर आयोजित सत्रों में लुप्त होती परंपराओं के दस्तावेजीकरण और उन्हें अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। संवाद फेलोशिप के तहत आठ प्रतिभागियों ने जनजातीय त्योहारों, भाषा, वस्त्र, मौखिक इतिहास, विवाह परंपराओं और लोककलाओं के संरक्षण से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए। वहीं, पारंपरिक उपचार पद्धतियों और औषधीय पौधों के ज्ञान को संरक्षित करने पर भी चर्चा हुई। ‘आतिथ्य’ कार्यक्रम में 14 राज्यों की 24 जनजातियों के रसोइयों ने 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए। हो जनजाति के पारंपरिक व्यंजनों ‘हेरोलाद’ और ‘दुरलान’ ने विशेष आकर्षण बटोरा। इसके अलावा पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। ‘समुदाय के साथ’ सत्र में जनजातीय सिनेमा और कहानी कहने की परंपरा पर चर्चा हुई तथा छह फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। फिल्म निर्माता मेघनाथ ने मास्टरक्लास के माध्यम से आदिवासी सिनेमा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि जनजातीय समुदायों के पास प्रकृति, संस्कृति और सामूहिक जीवन से जुड़ा समृद्ध अनुभव एवं ज्ञान है। जरूरत उनकी आवाज को सुनने और उन्हें अपनी बात रखने का मंच देने की है। इस दौरान ‘जोहार हाट’ में स्थानीय शिल्पकारों की कलाकृतियां और हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। शाम को डोंगरिया कोंध, महादेव कोली, नागालैंड के हॉर्नबिल समूह और झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

