
संवाद के नाम पर आयोजन, सुरक्षा के नाम पर सवाल!
पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हमला केवल मारपीट की घटना नहीं, आयोजकों की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था की भी बड़ी परीक्षा
देवानंद सिंह
किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट होना निश्चित रूप से निंदनीय है। बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक एवं साहित्यकार सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूर्य सिंह बेसरा कोई सामान्य परिचय के मोहताज व्यक्ति नहीं हैं। उनकी राजनीतिक, सामाजिक और बौद्धिक पहचान पूरे झारखंड में है। ऐसे व्यक्तित्व के साथ सार्वजनिक मंच के आसपास इस तरह की घटना हो जाना केवल कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं, बल्कि आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों की जवाबदेही का भी विषय है।
जांच केवल इस बात तक सीमित नहीं रहनी चाहिए कि हमला किसने किया, किस वजह से किया और इसमें कौन-कौन शामिल था। यह सवाल भी उतनी ही गंभीरता से उठना चाहिए कि आखिर इतनी बड़ी आयोजन व्यवस्था में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? क्या अतिथियों और विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था थी? क्या प्रवेश और निकास पर निगरानी थी? क्या किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आयोजकों के पास कोई आपातकालीन योजना थी?
गोपाल मैदान में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटती है। लेकिन भीड़ के अनुपात में सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन प्रबंधन की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहती है, यह किसी से छिपा नहीं है। कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम की स्थिति बनना आम बात हो जाती है। ऐसे में सवाल है कि यदि अचानक कोई गंभीर चिकित्सा आपातकाल, आगजनी या भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो जाए तो एंबुलेंस और दमकल जैसे आपातकालीन वाहन कैसे पहुंचेंगे? क्या लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने के लिए पर्याप्त रास्ते हैं? क्या आयोजकों ने कभी इन पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया है?
विडंबना यह है कि सार्वजनिक मंचों से सुरक्षा, सामाजिक सरोकार, लोकतंत्र और व्यवस्था पर लंबी-लंबी बातें की जाती हैं, लेकिन जब अपने आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्थागत जिम्मेदारी निभाने की बारी आती है तो कई बार तस्वीर अलग दिखाई देती है। संवाद के नाम पर बड़े आयोजन, बड़ी-बड़ी घोषणाएं और भव्य मंच तो नजर आते हैं, लेकिन बुनियादी व्यवस्थाओं पर अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं देती। क्या आयोजन की सफलता केवल भीड़ जुटाने, मंच सजाने और चर्चित चेहरों को बुलाने से तय होगी? या फिर इसमें लोगों की सुरक्षा और सुविधाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण होंगी?
यह भी आवश्यक है कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और आयोजकों की भूमिका तथा सुरक्षा प्रबंधन की भी समीक्षा हो। इसका अर्थ यह नहीं कि आयोजकों को पहले से दोषी ठहरा दिया जाए, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों की अनदेखी न हो। यदि कहीं लापरवाही हुई है तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई घटना को किसी पुराने व्यक्तिगत विवाद का परिणाम बताकर पूरे मामले को सीमित कर देना पर्याप्त नहीं होगा। व्यक्तिगत विवाद अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक आयोजन में सुरक्षा की जिम्मेदारी अपनी जगह। आयोजकों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
आखिर संवाद किसलिए और किसके लिए? यदि संवाद के मंच पर ही सुरक्षा, अनुशासन और जवाबदेही के सवाल अनुत्तरित रह जाएं तो ऐसे आयोजनों की सार्थकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। भव्यता से किसी आयोजन की प्रतिष्ठा नहीं बनती, उसकी पहचान व्यवस्था, सुरक्षा और जिम्मेदारी से बनती है।
अब वक्त है कि आयोजक आत्ममंथन करें। क्योंकि भीड़ जुटाना उपलब्धि हो सकती है, लेकिन उस भीड़ की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिम्मेदारी है। और जिम्मेदारी से मुंह मोड़कर संवाद की सार्थकता का दावा करना महज दिखावा ही कहलाएगा।
सवालों के घेरे में आयोजन की जिम्मेदारी, जांच का दायरा कितना व्यापक होगा?
टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में हर वर्ष किसी न किसी विवाद, अव्यवस्था या अप्रिय घटना की चर्चा सामने आती रही है। इस बार पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या जांच केवल मारपीट करने वाली युवती और उसके परिजनों तक सीमित रहेगी, या आयोजन की जिम्मेदारी निभाने वाले लोगों से भी जवाब मांगा जाएगा?
निष्पक्ष जांच का तकाजा है कि आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन इंतजामों की भी पड़ताल हो। यदि जांच का दायरा आयोजन के जिम्मेदार पदाधिकारियों तक पहुंचे और इसमें टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारी सौरभ राय की भूमिका एवं जवाबदेही से जुड़े पहलुओं की भी निष्पक्ष पड़ताल हो, तो कई अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।
यहां किसी व्यक्ति को पहले से दोषी ठहराने का सवाल नहीं है, बल्कि जवाबदेही तय करने की बात है। आखिर इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या संभावित खतरे का आकलन किया गया था? क्या आपात स्थिति से निपटने की कोई प्रभावी व्यवस्था थी?
जांच का दायरा जितना व्यापक और निष्पक्ष होगा, सच की परतें उतनी ही स्पष्ट होंगी। सवाल सिर्फ यह नहीं कि हमला किसने किया, सवाल यह भी है कि ऐसी घटना होने की नौबत क्यों आई और इसकी जिम्मेदारी किसकी बनती है?
कहानी अभी बाकी है अगली करी का इंतजार करें

