

चक्रधरपुर, 17 नवंबर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अस्पताल में मंगलवार को आधुनिक इन-हाउस सीटी स्कैन सुविधा शुरू की गई। इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) के सीएसआर फंड से स्थापित इस अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने किया। इस सुविधा के शुरू होने से रेलकर्मियों सहित अन्य मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक सीटी स्कैन की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंभीर रूप से घायल और आपातकालीन मरीजों को जांच के लिए टाटानगर रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी के साथ इलाज में देरी का सामना करना पड़ता था। नई सुविधा से अस्पताल में ही सीटी स्कैन जांच संभव होगी और मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उद्घाटन के अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मंडल रेल प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।

