
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को स्थित देबांजलि डांस अकादमी की बाल नृत्यांगनाओं संभवी दत्ता एवं इविशा अनाया ने ओडिशा के जगन्नाथ धाम पुरी में आयोजित ‘जगन्नाथ नृत्य उत्सव 2026’ में शानदार शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति देकर शहर का नाम रोशन किया।
बाल दिवस के अवसर पर कोलकाता की सांस्कृतिक संस्था नृत्य कुंज द्वारा आयोजित इस उत्सव में दोनों कलाकारों ने विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर की कालजयी रचना ‘भानुसिंह पदावली’ के पदों पर शृंगार रस आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। अपनी भावपूर्ण मुद्राओं और लयबद्ध प्रस्तुति से उन्होंने राधा-कृष्ण के प्रेम और विरह की अनुभूतियों को जीवंत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक संस्था की ओर से दोनों बाल कलाकारों को सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से देबांजलि डांस अकादमी सहित पूरे जमशेदपुर में हर्ष का माहौल है।

