
प्रदूषण फैलाने को लेकर रुआम ग्राम सभा में नाराजगी जनसुनवाई में करेंगे विरोध। ।राष्ट्र संवाद जादूगोड़ा
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) की 28 नवंबर 2026 को होने वाली जनसुनवाई का रुआम ग्राम सभा ने पुरजोर विरोध कर दिया है। ग्राम प्रधान मनोरंजन महतो ने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, रांची को पत्र लिखकर साफ कर दिया है – जब तक गांव की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक गांव में कोई जनसुनवाई नहीं होगी।
पत्रांक – GPR-111/2026, दिनांक – 14/11/2026
पत्र में क्या लिखा है
ग्राम प्रधान ने लिखा है कि विगत 10-12 वर्षों से HCL के साथ विस्थापितों के नियोजन को लेकर राज्य विधानसभा के विचार आने तक समस्या का समाधान अब तक नहीं किया गया है। कई बार चर्चा हुई, लेकिन हल नहीं निकला। इसीलिए रुआम ग्राम सभा ने HCL को प्रस्तावित खनन कार्य के लिए अब तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं दिया है।
गांव की 4 बड़ी शिकायतें
57 परिवारों को नहीं मिली नौकरी –
HCL द्वारा विस्थापित 57 परिवार के सदस्यों को HCL में स्थायी नियोजन नहीं दिया गया है। जमीन गई, घर उजड़ा, लेकिन नौकरी नहीं मिली। बच्चे आज भी बेरोजगार हैं।
बिना NOC के खोली राखा माइंस –
राखा माइंस खोलने से पहले प्रक्रिया के अनुसार रुआम ग्राम सभा से किसी भी प्रकार का अनापत्ति प्रमाण-पत्र नहीं लिया गया। ग्राम सभा की अनुमति के बिना खनन शुरू करना पेसा कानून का उल्लंघन है।
करीब 3000 पेड़ काटे गए
राखा कॉपर माइंस खोलने के नाम पर करीब 3000 पेड़ों की कटाई की गई, जिसका रुआम ग्राम सभा से अनुमोदन नहीं लिया गया। इससे साफ है कि कंपनी पेसा नियमावली एवं वन अधिकार अधिनियम का सीधे तौर पर उल्लंघन कर रही है।
नदी-नालों में छोड़ा जा रहा जहरीला पानी
रुआम गांव के नदी-नालों में माइंस का विषाक्त पानी छोड़कर प्रदूषित किया जा रहा है। इस पर मौजा रुआम एवं मुर्गाघुटू के करीब 1200 परिवार नहाने, जानवरों को पानी पिलाने, खेती-किसानी और छठ जैसे महापर्व के लिए आश्रित हैं।
अब नदी का पानी इतना गंदा हो गया है कि नहाने से खुजली होती है, जानवर बीमार पड़ रहे हैं, फसल सूख रही है।
ग्राम प्रधान ने दी चेतावनी
अंत में आग्रह किया गया है कि जनसुनवाई से पूर्व इन बिंदुओं पर ठोस समाधान किया जाए, अन्यथा ग्राम सभा, विस्थापित समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आम जनता पुरजोर तरीके से इस जनसुनवाई का विरोध करने के लिए बाध्य होगी।
गांव में आक्रोश
पत्र की खबर फैलते ही रुआम और मुर्गाघुटू में लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है – कंपनी करोड़ों कमा रही है, हम जहर पी रहे हैं। पहले नौकरी दो, नदी बचाओ, फिर सुनवाई करो।
अब सबकी नजर 28 नवंबर पर है। अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो जनसुनवाई का गांव में जमकर विरोध होगा।

