
लेखक: राष्ट्र संवाद ब्यूरो
प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता भगवान भास्कर की आराधना और छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा का अनूठा संगम किरतोैल बलान नदी सीढ़ी घाट पर देखने को मिलता है। सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने वाले लोकआस्था के महापर्व छठ पर यहां आठ वर्षों से स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग से भव्य छठ महोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार को खरना के दिन घाट स्थित पंडाल में भगवान भास्कर, छठी मैया सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं विधिवत स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई। प्रतिमाओं के दर्शन और पूजन के साथ घाट का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस आयोजन की खासियत यह है कि यहां छठ महापर्व केवल व्रत और अर्घ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सामूहिक धार्मिक उत्सव बन जाता है। संध्या अर्घ्य और अगले दिन उषा अर्घ्य के अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान भास्कर और छठी मैया के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और आकर्षक सजावट से पूरा घाट मेले के स्वरूप में नजर आता है।
पूजा समिति के अध्यक्ष रंजीत यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ प्रतिवर्ष यह महोत्सव आयोजित किया जाता है। यह आयोजन धार्मिक परंपरा को जीवंत रखने के साथ पूरे क्षेत्र को भक्ति, सहयोग और सामाजिक एकजुटता के सूत्र में बांधता है।

