
छठ व्रतियों के सम्मान में 400 से अधिक महिलाओं को भेंट की पूजन साड़ी
खरना पर वार्ड पार्षद खुशबू कुमारी की पहल, सूर्योपासना के महापर्व पर सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की दिखी मिसाल
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
भगवान भास्कर की आराधना, छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ धार्मिक आस्था के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ शनिवार को खरना के अवसर पर नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या-3 में 400 से अधिक छठ व्रती महिलाओं के बीच पूजन साड़ी वितरित की गई। वार्ड पार्षद खुशबू कुमारी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में व्रती महिलाओं के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव दिखाई दिया।
छठ महापर्व में व्रती महिलाएं कठिन तपस्या, पवित्रता और अटूट संकल्प के साथ अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सहयोग केवल वस्त्र वितरण नहीं, बल्कि उनकी साधना के प्रति सम्मान और आस्था में सहभागी बनने का भाव है।
वार्ड पार्षद खुशबू कुमारी ने कहा कि छठ हमारी संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का महापर्व है। व्रती महिलाओं की सेवा करना सौभाग्य और जिम्मेदारी है। वहीं वार्ड प्रतिनिधि सह समाजसेवी मनोहर कुमार ने कहा कि छठ त्याग, समर्पण, भाईचारे और सामाजिक समरसता का ऐसा पर्व है, जो समाज के हर वर्ग को एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।
मौके पर अशोक कुमार ,बिंदेश्वर राय ,शिवनंदन राय, भानु प्रताप, दिनेश कुमार, अमित कुमार दीपक कुमार
सहित सैकड़ों छठ व्रती महिलाएं उपस्थित थीं।

