
छठ व्रतियों के घर तक पहुंचाया 1000 लीटर दूध, खरना पर मुखिया की पहल
चार ई-रिक्शा से पंचायत के घर-घर पहुंचा दूध, कार्यकर्ताओं ने भी निभाया सेवा और सहयोग का संकल्प
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
सूर्य उपासना और लोकआस्था के महापर्व छठ पर व्रतियों की सुविधा के लिए पकठौल पंचायत में सेवा और सहयोग की अनूठी पहल की गई। शनिवार को खरना के अवसर पर मुखिया पंकज सहनी ने बरौनी डेयरी से एक हजार लीटर दूध मंगवाकर पंचायत के घर-घर तक पहुंचवाया। चार ई-रिक्शा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने व्रती परिवारों को दूध उपलब्ध कराया। खरना के प्रसाद में दूध की विशेष धार्मिक महत्ता को देखते हुए की गई इस पहल से व्रतियों को काफी सहूलियत मिली।
मुखिया पंकज सहनी ने कहा कि छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, त्याग, समर्पण और सामाजिक सहयोग की जीवंत परंपरा है। व्रतियों की सेवा करना और उनकी जरूरतों में सहभागी बनना हमारी जिम्मेदारी है।
समाजसेवी हरिनंदन कुमार ने कहा कि छठ महापर्व समाज को सेवा, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है। ऐसे सामूहिक प्रयासों से सामाजिक समरसता मजबूत होती है।
इस अभियान में स्वच्छता पर्यवेक्षक अरुण कुमार, राजीव कुमार ठाकुर, अमरनाथ सहनी, सिकंदरा सहनी, विक्की चौधरी, प्रवीण पासवान, परदेसी पासवान और संतोष पासवान सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

