
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना आवश्यक है। आगामी 18 नवंबर को सभी बूथों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की सहभागिता से आयोजित होने वाली चुनाव पाठशाला को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी युवा अपने मताधिकार से वंचित न रहे। चुनाव पाठशाला के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार और पात्र मतदाताओं का नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पारदर्शी एवं गंभीरता से पूरी की जानी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के जिला पदाधिकारियों, प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सहयोग से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और संविधान प्रदत्त मताधिकार के प्रति आम जनता को जागरूक करना है।
परविंदर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। वहीं, किसी अपात्र नाम को लेकर नियमानुसार आपत्ति एवं सुधार की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपनी मतदाता पहचान और मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने जिले के सभी राजनीतिक दलों के बीएलए, बीएलओ, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम नागरिकों से 18 नवंबर को आयोजित चुनाव पाठशाला में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में संजय सिंह आजाद, भारतयात्री अमरजीत नाथ मिश्रा, राकेश साहू, आशुतोष सिंह, मकसूद आलम, तनवीर खान, आशीष ठाकुर, मुन्ना मिश्र, रंजीत झा एवं शुभम झा उपस्थित थे।

