
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सांसद विद्युत वरण महतो ने पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र पत्रकारिता पर प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि मामला नाबालिग आदिवासी बच्ची से जुड़ा है, ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता पीड़िता को न्याय दिलाना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना होनी चाहिए, न कि उसकी आवाज उठाने वाले पत्रकार को निशाना बनाना।
सांसद ने कहा कि जनहित के मुद्दों को उजागर करना पत्रकारों का दायित्व है। पत्रकारों को डराने या उनकी आवाज दबाने की कोशिश लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करती है। उन्होंने राज्य सरकार से एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा निराधार पाए जाने पर उसे वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया अपनाने की मांग की। साथ ही पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

