
अयोध्या मिथिला गंगा धाम घाट पर स्नान कर व्रतियों ने लिया पवित्र जल
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व के पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर शुद्धता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही सूर्योपासना के कठिन व्रत का संकल्प लेकर श्रद्धालु छठ की तैयारियों में जुट गए।
महापर्व को लेकर गुरुवार को अयोध्या मिथिला गंगा धाम घाट पर गंगा स्नान और पूजा के लिए पवित्र जल लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ी थी। तेघड़ा प्रखंड के विभिन्न गांवों के अलावा समस्तीपुर और दरभंगा जिले से भी श्रद्धालु पहुंचे। गंगा स्नान और जल संग्रह के लिए उमड़ी भीड़ के कारण घाट तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग पर देर तक जाम जैसी स्थिति बनी रही।
शनिवार को खरना के साथ व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

