
लेखक: बेगूसराय राष्ट्र संवाद संवाददाता
आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर अलग अलग क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं के जिला प्रशासन की पहल के तहत डीएम रिची पांडेय के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद भूमि परिमार्जन रास्ते से संबंधित विवाद अतिक्रमण आधार कार्ड निर्माण एवं संशोधन तथा थाना से जुड़े मामले शामिल रहे। इसके अतिरिक्त लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़ी अन्य समस्याएं भी उनके समक्ष रखी। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निष्पादन करें। जिन मामलों में स्थल जांच की आवश्यकता है वहां वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।जनता दरबार के दौरान द्वितीय अपील से संबंधित मामलों की भी सुनवाई की गई। इन मामलों में संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित हुए तथा जिला पदाधिकारी के समक्ष मामलों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। श्री पांडेय ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई करना है। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और पूरी जवाबदेही के साथ उनका समाधान करने पर विशेष जोर दिया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं जिससे कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

