
खरना आज, शाम को गुड़-खीर का प्रसाद ग्रहण कर शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
बखरी,बेगूसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन आज खरना है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय महापर्व में आज व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा।
खरना के दिन व्रती सुबह से ही शुद्धता और नियमों का पालन करते हुए निर्जल उपवास रखते हैं। शाम को गंगा स्नान अथवा पवित्र जल से स्नान कर नए वस्त्र धारण कर पूजा घर में भगवान भास्कर और छठी मैया की आराधना करते हैं।
पूजा के बाद मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद तैयार किया जाता है। सबसे पहले व्रती इस प्रसाद को ग्रहण करते हैं, इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है।
खरना से शुरू होता है कठिन साधना का दौर
खरना का प्रसाद ग्रहण करते ही व्रती का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। इस दौरान व्रती न तो अन्न ग्रहण करते हैं और न ही जल। रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार 16 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण कर व्रत का समापन होगा।
घरों में छठ गीतों की गूंज, बाजारों में रौनक
खरना को लेकर घरों में सुबह से ही तैयारियां चल रही हैं। गेहूं सुखाने, ठेकुआ बनाने, सूप-दउरा सजाने और घाट की सफाई का काम जोर-शोर से चल रहा है। बाजारों में फल, गन्ना, नारियल, केला, सूप, दउरा और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है।

