
लेखक: राष्ट्र संवादसंवाददाता
बखरी,बेगूसराय : छठ महापर्व को लेकर बिहार सरकार के मंत्री एवं बखरी के विधायक संजय पासवान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बखरी विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने सदर एसडीओ को निर्देश दिया है कि बखरी विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों में स्थित सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया है कि छठ घाटों तक पहुंचने वाली सभी सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर उनकी मरम्मत एवं दुरुस्ती का कार्य पूरा कराया जाए, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया है, जिससे छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मंत्री संजय पासवान ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक आस्था, संस्कृति और परंपरा का महान पर्व है। हमारी माताएं एवं बहनें पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ इस कठिन व्रत को करती हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया है।

