
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. पर्व के पहले दिन छठ व्रतियों ने पवित्र स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा कद्दू-भात का प्रसाद तैयार कर भगवान भास्कर को भोग लगाया. इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर महापर्व की शुरुआत की. चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को छठ व्रती खरना करेंगे. इस अवसर पर पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम में पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर, रोटी सहित अन्य प्रसाद ग्रहण किया जाएगा. रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे. वहीं सोमवार की सुबह उदयीमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जायेगा. छठ पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. घरों से लेकर घाटों तक पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. वहीं क्षेत्र के चौक-चौराहों और बाजारों में पूजा सामग्री, फल एवं प्रसाद की दुकानें सज गयी है. बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है. चारों ओर छठी मइया के गीतों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है.

