
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने हेमंत सोरेन सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए धान खरीद की दर ₹3,200 प्रति क्विंटल करने की मांग की है। शुक्रवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने किसानों से ₹3,200 प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब मात्र ₹2,550 प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है।
उन्होंने धान खरीद का लक्ष्य 6 लाख टन से घटाकर 4 लाख टन किए जाने पर भी सवाल उठाया। कहा कि इस वर्ष अच्छी फसल के बावजूद खरीद लक्ष्य में कटौती किसानों के साथ अन्याय है। सरकार पिछले वर्ष की तरह 6 लाख टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित करे।
डॉ. गोस्वामी ने धान क्रय केंद्रों पर नमी के नाम पर प्रति क्विंटल छह किलो तक धान की कटौती और बिचौलियों की सक्रियता का आरोप लगाते हुए पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद होनी चाहिए। सरकार किसानों के शोषण पर रोक लगाए और उन्हें उपज का पूरा मूल्य दिलाए।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं जिला सह मीडिया प्रभारी अखिल सिंह उपस्थित थे।

