

जमशेदपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान में छठ की रौनक बढ़ गई है। व्रतियों में खासा उत्साह है और घरों से लेकर बाजारों तक पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और पूरी शुद्धता के साथ अरवा चावल, चने की दाल तथा कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया। नहाय-खाय का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान शुरू हो गया। शनिवार को खरना होगा। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। इधर, शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घरों और घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बन गया है।


