
नारायण आईटीआई में महामना मालवीय को दी गई श्रद्धांजलि
*मालवीय जी का जीवन भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित था: डॉ जटाशंकर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
लुपुंगडीह स्थित नारायण प्राइवेट आईटीआई में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे सहित उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
डॉ. पांडे ने कहा कि मालवीय जी का जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा, समाज सुधार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित था। वर्ष 1916 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी। स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ वे चार बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। पत्रकारिता के माध्यम से भी उन्होंने राष्ट्रीय चेतना जगाई और ‘हिंदुस्तान’ व ‘अभ्युदय’ जैसे समाचार पत्रों से जुड़े रहे।
उन्होंने कहा कि महामना का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों को अपनाकर शिक्षित, संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में प्राचार्य जयदीप पांडे, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, देवाशीष मंडल, शशि प्रकाश महतो, पवन महतो, अजय मंडल, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, गौरव महतो और निमाई मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

