

जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने डिमना लेक, दोमुहानी घाट, स्वर्णरेखा घाट और बागबेड़ा घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने घाटों और पहुंच पथों की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, पेयजल और सुगम आवागमन की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा। गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने के साथ खतरनाक स्थलों पर श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोर, प्रशिक्षित बचाव दल, नाव, लाइफ जैकेट, चिकित्सा टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, नियंत्रण कक्ष के माध्यम से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, मानगो नगर निगम एवं जेएनएसी के पदाधिकारी, पथ निर्माण एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, जुस्को प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ छठ पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया

