
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक Belonging: A Journey of Love को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी की टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पीसीसी को-ऑर्डिनेटर विजय खां ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे सोनिया गांधी के संघर्ष और त्याग का अपमान बताया तथा भाजपा प्रवक्ता से खेद जताने की मांग की।
विजय खां ने कहा कि वर्ष 2004 में गठबंधन की सहमति के बावजूद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया था, जो उनके त्याग और सिद्धांतों का प्रमाण है। उन्हें ‘सुपर पीएम’ कहना दुर्भावनापूर्ण राजनीति है। उन्होंने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के माध्यम से मनरेगा, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे जनकल्याणकारी कानूनों को आगे बढ़ाने में सोनिया गांधी की भूमिका का भी उल्लेख किया।
विजय खां ने आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोनिया गांधी के संघर्ष और विचारों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा ऐसी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
