
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
छठ महापर्व की शुरुआत हो जाने पर बड़ौदा घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें जिला पार्षद डॉ कविता परमार और पश्चिम बागबेड़ा पंचायत के मुखिया सुश्री जमुना हंसदा, वार्ड सदस्य रूपा देवी ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर घाट की सफाई की और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सुबह से ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की टोली बड़ौदा घाट पर जुट गई थी। इस दौरान घाट की सीढ़ियों, आसपास के रास्तों और नदी किनारे जमा कचरे व गंदगी को साफ करने का काम लगाया गया।
इस मौके पर जिला पार्षद डॉ कविता परमार ने कहा कि घाट हमारी आस्था और संस्कृति के केंद्र हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे घाट पर पॉलिथीन या किसी भी तरह का कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन व पंचायत का सहयोग करें।
वहीं, मुखिया जमुना हंसदा ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों और घाटों की सफाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

