
छठ घाटों की बदहाली देख डीसी ने दिए सुधार के निर्देश
*रोड नंबर-7 पर कचरे के बीच पहुंचकर किया निरीक्षण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
छठ महापर्व से पहले घाटों की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरकाई नदी के रोड नंबर-32 और रोड नंबर-7 स्थित घाटों की स्थिति देखी तथा नगर निगम के अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
रोड नंबर-32 छठ घाट पर गंदा पानी फैलने की समस्या सामने आने पर उपायुक्त ने नगर निगम को ह्यूम पाइप लगाने का निर्देश दिया। घाट पर काली पूजा की प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद बचे अवशेषों को सम्मानपूर्वक हटाने और व्रतियों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को भी कहा। मौके पर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने बताया कि जन कल्याण मोर्चा, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ और भगवती संघ के संयुक्त प्रयास से यहां पथ प्रकाश, घाट की सजावट और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाती है।
इसके बाद उपायुक्त रोड नंबर-7 नदी घाट पहुंचे। यहां सैकड़ों टन कचरा जमा होने के कारण घाट तक पहुंचने का रास्ता बाधित है। सजावट की तैयारी में जुटे स्वयमं सेवकों ने उन्हें समस्या से अवगत कराया। उपायुक्त ने स्वयं कचरे के ढेर के बीच दूर तक जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त और सिटी मैनेजर को व्रतियों के लिए घाट तक सुगम रास्ता तैयार कराने का निर्देश दिया। साथ ही भरोसा दिलाया कि कचरा संग्रहण के लिए स्थायी स्थल उपलब्ध होते ही यहां जमा कचरे को हटाया जाएगा।

